अमेरिका द्वारा भारत से आयातित वस्तुओं पर टैरिफ घटाए जाने के फैसले पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से भारत के लिए वैश्विक स्तर पर व्यापार करना और आसान होगा तथा देश के उद्योगों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत लगातार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और आज विश्व के बड़े देश भी भारत के साथ मिलकर आगे बढ़ना चाहते हैं।
हाल ही में सामने आई जानकारी के अनुसार अमेरिका ने भारतीय वस्तुओं पर लगाए गए टैरिफ को लगभग 25 प्रतिशत से घटाकर करीब 18 प्रतिशत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। इससे व्यापार में स्थिरता और निवेश के लिए बेहतर माहौल बनने की उम्मीद जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत की मजबूत आर्थिक नीतियों और वैश्विक स्तर पर बढ़ते प्रभाव के कारण ही आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की भूमिका और मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि यह फैसला भारत की बढ़ती आर्थिक शक्ति और वैश्विक महत्व को दर्शाता है।
वहीं योग गुरु बाबा रामदेव ने भी अमेरिका द्वारा टैरिफ कम किए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह किसी प्रकार का उपहार नहीं बल्कि भारत की क्षमता और ताकत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज भारत आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से मजबूत स्थिति में है। इसी वजह से दुनिया के शक्तिशाली देश भी भारत के साथ संतुलित और मजबूत संबंध बनाए रखना चाहते हैं।
बाबा रामदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत केवल अपने विकास पर ही नहीं बल्कि वैश्विक कल्याण की सोच के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत अब वैश्विक अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और आने वाले समय में यह भूमिका और मजबूत होगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि टैरिफ में कमी आने से दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंध मजबूत होंगे, निवेश बढ़ेगा और उद्योगों को नए अवसर मिलेंगे। इससे भारत-अमेरिका आर्थिक साझेदारी को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
