संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने कल अमेरिका की वेनेजुएला में हुई सैन्य कार्रवाई पर चर्चा करने के लिए आपात बैठक बुलाई है।
यह बैठक गैर-स्थायी सदस्य कोलंबिया के अनुरोध पर आयोजित की गई है, जिसे स्थायी सदस्य चीन और रूस का समर्थन प्राप्त है।
अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पैम बॉन्डी ने घोषणा की है कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस पर न्यूयॉर्क के सदर्न डिस्ट्रिक्ट में अभियोग चलाया गया है। दोनों कल न्यूयॉर्क पहुंचे हैं और उन पर नार्को-टेररिज्म की साजिश रचने, कोकेन आयात करने की साजिश तथा अमेरिका के खिलाफ मशीनगनों और विनाशकारी उपकरणों के कब्जे की साजिश के आरोप लगाए गए हैं।
अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, दंपति की बुकिंग प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्हें चिकित्सकीय जांच से गुजरना पड़ा है, इसके बाद उन्हें न्यूयॉर्क सिटी में ड्रग एनफोर्समेंट एजेंसी के कार्यालय ले जाया जाएगा, जहां दोबारा बुकिंग होगी। मादुरो और उनकी पत्नी का मुकदमा जल्द शुरू हो सकता है।
