उत्तर प्रदेश आज पूरे उत्साह और गौरव के साथ अपना स्थापना दिवस मना रहा है। 24 जनवरी 1950 को ‘यूनाइटेड प्रोविंस’ का नाम बदलकर उत्तर प्रदेश रखा गया था। तभी से हर वर्ष 24 जनवरी को प्रदेश के स्थापना दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विकास यात्रा और उज्ज्वल भविष्य की संभावनाओं को रेखांकित किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भारतीय संस्कृति और विरासत को समृद्ध करने में उत्तर प्रदेश का योगदान अमूल्य रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार और विकास के प्रति समर्पित प्रदेशवासियों की सहभागिता से उत्तर प्रदेश ने बीते नौ वर्षों में ‘बीमारू’ राज्य की छवि से निकलकर ‘बेमिसाल’ प्रदेश बनने तक का सफर तय किया है। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि देश की प्रगति को गति देने में उत्तर प्रदेश की भूमिका आने वाले समय में और भी अहम होने वाली है।
इस वर्ष उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस को राज्य सरकार वैश्विक स्तर पर मना रही है। ‘यूपी दिवस’ का मुख्य समारोह लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित किया जा रहा है, जबकि जिला स्तर पर मंत्री और अधिकारी विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाएंगे।
स्थापना दिवस के अवसर पर गांव, ब्लॉक और राज्य स्तर पर आयोजित कला एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही पांच विशिष्ट व्यक्तियों को ‘उत्तर गौरव सम्मान’ प्रदान किया जाएगा, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करने में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
