देहरादून। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों, आपदा प्रबंधन कार्यों और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री द्वारा लिए गए इन फैसलों से राज्य के विभिन्न जिलों में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने ऊधम सिंह नगर जनपद के बाजपुर स्थित उपजिला चिकित्सालय में चिकित्साधिकारियों के लिए छह आवासीय भवनों के निर्माण हेतु 4 करोड़ रुपये की वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति दी है। इस निर्णय से अस्पताल में कार्यरत चिकित्सकों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों के तहत मुख्यमंत्री ने हरिद्वार जिले में प्रस्तावित पुलिस कमांड कंट्रोल सेंटर भवन के निर्माण के लिए 50.27 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इसके अलावा हर की पैड़ी से ललतारों सेतु तक गलियों के सुधारीकरण और सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए 9 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। साथ ही इन कार्यों को लोक निर्माण विभाग के लक्सर खंड के स्थान पर स्मार्ट सिटी पीआईयू, देहरादून के माध्यम से कराए जाने का अनुमोदन भी दिया गया है।
राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि के अंतर्गत मुख्यमंत्री ने हरिद्वार जिले के खानपुर विधानसभा क्षेत्र में नारसन-हरजौली-जट मुडलाना-लंडौरा-जौरासी बुढ़्ढाहेडी-बजेडी-राजपुताना मोटर मार्ग पर आरसीसी सेतु की क्षतिग्रस्त एप्रोच के सुरक्षात्मक कार्य हेतु 6.67 करोड़ रुपये की योजना के सापेक्ष पहली किश्त के रूप में 2.67 करोड़ रुपये जारी करने को मंजूरी दी है। इसके अतिरिक्त प्राकृतिक आपदाओं से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों की मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग की मांग के अनुरूप 32.50 करोड़ रुपये के सापेक्ष 25 करोड़ रुपये राज्य आपदा मोचन निधि से जारी करने का अनुमोदन भी प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों में बाढ़ सुरक्षा और भू-कटाव रोकने से जुड़े कार्यों को भी स्वीकृति दी है। चम्पावत जिले की पूर्णागिरी तहसील में हुड्डी नदी से ग्राम छानीगोठ की सुरक्षा हेतु 5.75 करोड़ रुपये की योजना के अंतर्गत पहली किश्त के रूप में 2.30 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। चमोली जिले के गैरसैंण क्षेत्र में रामगंगा नदी तट पर सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 6.83 करोड़ रुपये की योजना के सापेक्ष 2.74 करोड़ रुपये तथा उत्तरकाशी जिले के हर्षिल क्षेत्र में भागीरथी नदी के दाएं तट पर सुरक्षा कार्यों के लिए 10.24 करोड़ रुपये की योजना के अंतर्गत 4.10 करोड़ रुपये की पहली किश्त स्वीकृत की गई है।
देहरादून जिले के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में सुसवा नदी के दोनों तटों पर बाढ़ सुरक्षा योजना के लिए 4.30 करोड़ रुपये की परियोजना के तहत 1.72 करोड़ रुपये की पहली किश्त जारी करने की भी मंजूरी दी गई है।
इसके अलावा नगर पंचायत ईमलीखेड़ा में लीगेसी वेस्ट निस्तारण कार्य हेतु 13.90 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। मुख्यमंत्री ने पौड़ी गढ़वाल जिले के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डोबरियासार, रिखणीखाल का नाम शहीद अनुज नेगी के नाम पर रखने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की है।
मुख्यमंत्री धामी के इन निर्णयों को राज्य में स्वास्थ्य, सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
