उत्तराखंड सरकार बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार तक हर स्तर पर संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार नंदा गौरा योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रदेश की 33 हजार 251 बालिकाओं के खातों में डीबीटी के माध्यम से 145 करोड़ 93 लाख रुपये की धनराशि सीधे हस्तांतरित की गई है।
सरकार का उद्देश्य बेटियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करना है। योजना के माध्यम से बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने और परिवारों को आर्थिक संबल देने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रदेश सरकार का कहना है कि पारदर्शी व्यवस्था के तहत डीबीटी के माध्यम से लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो रहा है।
