उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को पत्र सूचना कार्यालय में आयोजित वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए उत्तराखंड सहित कई राज्यों के पत्रकारों को रेलवे बजट से जुड़ी अहम जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस वर्ष भारतीय रेलवे को रिकॉर्ड 2 लाख 93 हजार करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय बजट आवंटित किया गया है। उन्होंने इस ऐतिहासिक आवंटन के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री का भी धन्यवाद जताया।
केंद्रीय रेल मंत्री ने कहा कि इस बजट का सीधा लाभ उत्तराखंड राज्य को भी मिलेगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2009 से 2014 के बीच उत्तराखंड में रेलवे कार्यों के लिए मात्र 187 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया था, जबकि रेलवे बजट 2026-27 में राज्य को रिकॉर्ड 4,779 करोड़ रुपये का आवंटन मिला है। उन्होंने कहा कि यह आवंटन राज्य में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
रेल मंत्री ने बताया कि विद्युतीकरण के क्षेत्र में उत्तराखंड ने तेजी से प्रगति की है। वर्ष 2014 के बाद से राज्य में लगभग 76 किलोमीटर नए रेलवे ट्रैक का निर्माण किया जा चुका है। साथ ही राज्य ने रेलवे नेटवर्क में 100 प्रतिशत विद्युतीकरण हासिल कर लिया है। वर्ष 2014 से अब तक करीब 334 किलोमीटर रेल लाइनों का विद्युतीकरण किया गया है, जिससे ट्रेन संचालन अधिक सुरक्षित और तेज हुआ है।
उन्होंने बताया कि रेलवे सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अब तक उत्तराखंड में कुल 54 ‘कवच’ सिस्टम स्वीकृत किए जा चुके हैं। यह आधुनिक सुरक्षा प्रणाली ट्रेनों की टक्कर जैसी दुर्घटनाओं को रोकने में अहम भूमिका निभाती है।
केंद्रीय रेल मंत्री ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर तेजी से कार्य चल रहा है और यह परियोजना जल्द ही पूर्ण होने की दिशा में आगे बढ़ रही है। इस परियोजना के पूरा होने से पहाड़ी क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा और पर्यटन के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार उत्तराखंड में रेलवे सुविधाओं को और मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है, जिससे राज्य के विकास को नई गति मिलेगी और लोगों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
