प्रदेशभर में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। उत्तरकाशी जिले में भारी बर्फबारी और मलबा आने से कई स्थानों पर सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। प्रशासन और पुलिस द्वारा फंसे हुए वाहनों और यात्रियों को सुरक्षित निकालकर उनके गंतव्य की ओर भेजा गया है, वहीं बंद मार्गों को खोलने का कार्य लगातार जारी है।
भटवाड़ी से गंगोत्री तक जगह-जगह बर्फबारी के कारण सड़क यातायात बाधित है। इसके अलावा मानपुर से चौरंगी खाल तक भी कई स्थानों पर बर्फबारी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सिलक्यारा से राड़ीटॉप और ओरक्षा बैंड तक पूरी तरह अवरुद्ध है।
पुरोला–मोरी मोटर मार्ग जरमोला धार से सांकरी के बीच कई स्थानों पर बंद है, जबकि उत्तरकाशी–सुवाखोली मोटर मार्ग मोरियाणा से सुवाखोली तक जगह-जगह बर्फबारी के चलते अवरुद्ध हो गया है। सभी प्रभावित मार्गों को जल्द सुचारु करने के लिए स्नोकटर और भारी मशीनरी लगातार कार्य में जुटी हुई हैं।
पुलिस और प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और अनावश्यक यात्रा से बचें। वहीं मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के चलते एहतियातन प्रदेश के कई जिलों में आज स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है। जिला प्रशासन ने बच्चों और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए छुट्टी के आदेश जारी किए हैं।
