उत्तराखंड में दूसरे राज्यों से ट्रांसफर होकर आए शस्त्र लाइसेंसों की जांच को लेकर एसटीएफ ने सख्त रुख अपनाया है। देहरादून में फर्जी शस्त्र लाइसेंस का मामला सामने आने के बाद अब अन्य जिलों में भी बाहरी राज्यों से ट्रांसफर होकर शस्त्र पंजिका में दर्ज लाइसेंसों की गहन पड़ताल शुरू कर दी गई है।
एसटीएफ ने देहरादून जिलाधिकारी कार्यालय से वर्ष 2015 के बाद अब तक दूसरे राज्यों से ट्रांसफर होकर आए सभी शस्त्र लाइसेंसों की विस्तृत सूची तलब की है। सूची प्राप्त होने के बाद प्रत्येक लाइसेंस की अलग-अलग जांच की जाएगी। जांच के दौरान यदि कोई लाइसेंस फर्जी पाया जाता है या नियमों के विपरीत जारी हुआ मिलता है, तो संबंधित शस्त्र धारकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में देहरादून जिले में अवैध और अनियमित शस्त्र रखने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि आयुध (संशोधन) नियम-2019 और गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत कुल 827 शस्त्र लाइसेंस निरस्त किए गए हैं। प्रशासन और एसटीएफ की यह कार्रवाई राज्य में शस्त्र लाइसेंस व्यवस्था को पारदर्शी और नियमसम्मत बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
