भारत के उभरते स्क्वैश खिलाड़ी वीर चोत्रानी ने वाशिंगटन में चल रहे स्क्वैश ऑन फायर ओपन टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ा उलटफेर किया है। विश्व रैंकिंग में 49वें नंबर के चोत्रानी ने दुनिया के 19वें नंबर के फ्रांसीसी खिलाड़ी बैप्टिस्ट मसोटी को पांच गेम तक चले रोमांचक मुकाबले में हराकर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश कर लिया।
इस मुकाबले में वीर चोत्रानी ने मसोटी को 11-6, 7-11, 8-11, 11-1 और 11-9 से मात दी। इस जीत के साथ उन्होंने पीएसए ब्रॉन्ज स्तर के इस टूर्नामेंट के अंतिम आठ में अपनी जगह पक्की कर ली। क्वार्टरफाइनल में अब उनका सामना इंग्लैंड के छठी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी डेक्लन जेम्स से होगा।
टूर्नामेंट के एक अन्य मुकाबले में भारत के ही खिलाड़ी वेलावन सेंथिलकुमार को दूसरे वरीय मैक्सिकन खिलाड़ी लियोनेल कार्डेनास के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, जिससे उनका अभियान समाप्त हो गया।
महिला वर्ग में भी भारत को अच्छी खबर मिली। सातवीं वरीयता प्राप्त भारतीय खिलाड़ी अनाहत सिंह ने दूसरे दौर में दक्षिण अफ्रीका की हेले वार्ड को कड़े मुकाबले में 11-5, 11-8, 12-14 और 11-5 से हराया। इस जीत के साथ अनाहत सिंह ने क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है, जहां अब उनका सामना मिस्र की दूसरी वरीय खिलाड़ी सना इब्राहिम से होगा।
