नगर विकास एवं आवास विभाग की जिम्मेदारी सौंपे जाने के उपरांत, औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करने से पूर्व बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री से स्नेहिल मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने व्यापक प्रशासनिक अनुभव के आधार पर शहरी विकास, सुव्यवस्थित आवासन और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन ही शहरी क्षेत्रों के समग्र विकास का आधार है।
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके अनुभव और दिशा-निर्देशों के अनुरूप नगर विकास एवं आवास विभाग से जुड़ी सभी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी प्रतिबद्धता के साथ किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में शहरी बुनियादी ढांचे, आवासीय व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ कर राज्य के शहरों को अधिक सुव्यवस्थित और जनोपयोगी बनाया जाएगा।
