‘WAVES 2025’ ने इस वर्ष भारत को वैश्विक रचनात्मक शक्ति के रूप में मजबूती से स्थापित कर दिया। इस ऐतिहासिक आयोजन में 90 से अधिक देशों के प्रतिभागियों ने भाग लिया। करीब 10,000 डेलीगेट्स, 1,000 से ज्यादा क्रिएटर्स, 300 से अधिक कंपनियां और 350 से ज्यादा स्टार्टअप्स इसमें शामिल हुए, जबकि कुल मिलाकर लगभग एक लाख लोगों की सहभागिता दर्ज की गई। यह समिट ब्रॉडकास्टिंग, इंफोटेनमेंट, फिल्म, डिजिटल मीडिया और AVGC-XR जैसे कई उभरते क्षेत्रों तक फैली रही।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अनुसार, मीडिया और एंटरटेनमेंट सेक्टर को सशक्त बनाने के लिए वर्ष 2025 में कई महत्वपूर्ण पहल की गईं, जिनमें सबसे प्रमुख पहल वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड एंटरटेनमेंट समिट यानी WAVES 2025 रही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस आयोजन को केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि “संस्कृति, रचनात्मकता और वैश्विक जुड़ाव की लहर” करार दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘Create in India, Create for the World’ के विजन को दोहराते हुए दुनियाभर के निवेशकों, स्टार्टअप्स और युवा क्रिएटर्स से भारत के क्रिएटिव इकोसिस्टम से जुड़ने का आह्वान किया। मंत्रालय के मुताबिक, CreatoSphere को एक ऐसे इनोवेशन हब के रूप में विकसित किया गया, जहां फिल्म, वीएफएक्स, वीआर, एनीमेशन, गेमिंग, कॉमिक्स, म्यूजिक, ब्रॉडकास्टिंग और डिजिटल मीडिया से जुड़े क्रिएटर्स को अपने विचारों को वास्तविक अनुभव में बदलने का अवसर मिला।
इस आयोजन में भारत और विदेशों के प्रमुख क्रिएटिव दिग्गजों की मौजूदगी रही, जिससे साझेदारी, इनोवेशन और भारतीय टैलेंट के वैश्विक प्रदर्शन को नया मंच मिला। वहीं, CIC सीजन-1 को “भारत का सबसे बड़ा क्रिएटिव टैलेंट मूवमेंट” बताया गया। इसमें 33 श्रेणियों में 60 से अधिक देशों से एक लाख से ज्यादा प्रविष्टियां प्राप्त हुईं और 750 से अधिक फाइनलिस्ट्स को WAVES के दौरान आठ क्रिएटिव जोन में प्रदर्शित किया गया।
प्रधानमंत्री मोदी ने युवा क्रिएटर्स से सीधा संवाद किया, विजेता इनोवेशंस को देखा और भारत को उभरते वैश्विक कंटेंट हब के रूप में रेखांकित किया। WAVES क्रिएटर अवॉर्ड्स समारोह में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 150 से अधिक क्रिएटर्स को सम्मानित किया।
स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए WaveX पहल के तहत 200 से अधिक स्टार्टअप्स को समर्थन देने का लक्ष्य तय किया गया है। इस मंच पर 30 से ज्यादा स्टार्टअप्स ने माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन और ल्यूमिकाई जैसे वैश्विक उद्योग दिग्गजों के सामने अपने आइडिया प्रस्तुत किए, जबकि करीब 100 स्टार्टअप्स ने अपनी तकनीकी सॉल्यूशंस का प्रदर्शन किया।
इसके अलावा, अगस्त से नवंबर 2025 के बीच WAVES Bazaar के जरिए चार महाद्वीपों में 12 अंतरराष्ट्रीय और देश में चार बड़े उद्योग आयोजनों में व्यापक संपर्क अभियान चलाया गया। इसके परिणामस्वरूप 4,334 करोड़ रुपये के संभावित निवेश और बिजनेस अवसर सामने आए, जिससे भारत के क्रिएटिव और मीडिया सेक्टर को वैश्विक स्तर पर नई मजबूती मिली।
