सरकार के स्टार्टअप एक्सेलेरेटर प्लेटफॉर्म WaveX ने इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 में भागीदारी के लिए स्टार्टअप्स से आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह समिट अगले महीने नई दिल्ली में आयोजित की जाएगी, जो 16 तारीख से शुरू होकर 20 तारीख तक चलेगी।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (MIB) ने बताया कि यह समिट देश के तेजी से विकसित हो रहे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इकोसिस्टम में नवाचारों को प्रदर्शित करने और सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक प्रमुख राष्ट्रीय मंच के रूप में कार्य करेगी। समिट के तहत WaveX एक विशेष स्टार्टअप प्रदर्शनी कार्यक्रम का आयोजन करेगा, जिसमें चयनित स्टार्टअप्स को अपने AI आधारित उत्पादों और समाधानों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
समिट के दौरान एमआईबी पवेलियन मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र में उभरती और अत्याधुनिक AI तकनीकों के प्रदर्शन का केंद्र होगा। मंत्रालय ने कहा कि यह मंच नवोन्मेषकों को नीति निर्माताओं, उद्योग जगत के नेताओं, निवेशकों और वैश्विक हितधारकों के साथ संवाद करने का अवसर प्रदान करेगा, जिससे रचनात्मक और तकनीकी इकोसिस्टम के बीच सहयोग को मजबूती मिलेगी।
