होली पर्व को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए सभी विभागों को समय से पहले वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि त्योहार के अवसर पर कर्मचारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और भुगतान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग निर्धारित समय सीमा का कड़ाई से पालन करें और नियमित कर्मचारियों के साथ-साथ आउटसोर्सिंग कर्मियों, संविदा कर्मचारियों तथा सफाईकर्मियों सहित सभी श्रेणी के कर्मचारियों का वेतन और भुगतान होली से पहले सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और त्योहार के दौरान आर्थिक परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
इसके साथ ही प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने 28 फरवरी (शनिवार) को कार्य दिवस घोषित किया है। इसके बदले राज्य कर्मचारियों को 3 मार्च को अवकाश दिया जाएगा। इस निर्णय के बाद कर्मचारियों को 2 मार्च से 4 मार्च तक लगातार अवकाश का लाभ मिलेगा।
राज्य सरकार के इस फैसले से कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है, क्योंकि त्योहार से पहले वेतन मिलने से होली की तैयारियां आसान हो सकेंगी। सरकार का यह कदम कर्मचारियों के प्रति संवेदनशील और व्यावहारिक प्रशासनिक दृष्टिकोण के रूप में देखा जा रहा है।
