सीएम योगी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर लखनऊ में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लिया और राज्य की महिलाओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जिलों की महिलाओं से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया और सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की पुस्तक ‘सारथी’ और उदिता फाउंडेशन की ‘नवदिशा’ पुस्तिका का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके विकास के लिए सरकार लगातार नए कदम उठा रही है और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रोजगार संगम पोर्टल के मोबाइल ऐप का भी शुभारंभ किया। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के लिए 8 करोड़ रुपये से अधिक का बीमा प्रीमियम डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से वितरित किया गया।
कार्यक्रम में बाल विवाह की रोकथाम के लिए कार्य करने वाली महिलाओं तथा Women Helpline 181 में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कर्मियों और अन्य महिलाओं को ‘नारी शक्ति अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर 94 मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए। इसके अलावा Kanya Sumangala Yojana की लाभार्थी बालिकाओं को भी चेक वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सम्मान और शक्ति का प्रतीक माना गया है। उन्होंने सभी मातृशक्ति को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान की सराहना की।
