उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज सहारनपुर पहुंचकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और आगामी चैत्र नवरात्रि मेले की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विकास कार्य निर्धारित समय के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए स्वच्छता, पेयजल, आवागमन, सुरक्षा और ठहरने की व्यवस्थाएं सुदृढ़ की जाएं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए और आवश्यकतानुसार त्वरित निर्णय लिए जाएं।
इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मां शाकंभरी देवी पीठ पहुंचे, जहां उन्होंने दर्शन और पूजन किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया। मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन स्मृति चिह्न विक्रय केंद्र, शौचालय परिसर, पर्यटक सुविधा केंद्र तथा बहुस्तरीय वाहन पार्किंग की प्रगति देखी और कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास श्रद्धालुओं की आस्था के साथ क्षेत्रीय विकास को भी गति देता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को विशेष रूप से बेहतर बनाया जाए ताकि नवरात्रि के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को सुगमता मिल सके।
