झारखंड के रांची में कल से 16वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 का आगाज होने जा रहा है, जो 12 अप्रैल तक चलेगी। हॉकी इंडिया द्वारा प्रतिस्पर्धा और खिलाड़ियों के विकास को बढ़ावा देने के लिए शुरू किए गए नए डिवीजन-आधारित प्रारूप के तहत इस टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। डिवीजन ‘ए’ में कुल 12 टीमें शामिल हैं जिन्हें चार पूलों में बांटा गया है, जिनके नॉकआउट मुकाबले 9 अप्रैल से शुरू होंगे और खिताबी मुकाबला 12 अप्रैल को खेला जाएगा। वहीं, डिवीजन ‘बी’ के मुकाबले 1 से 6 अप्रैल तक और डिवीजन ‘सी’ के मैच 1 से 4 अप्रैल तक लीग प्रारूप में खेले जाएंगे। इस चैंपियनशिप के सभी मैच रांची के मारंग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार जीत के लिए टीमों को तीन अंक और ड्रॉ के लिए एक अंक दिया जाएगा, जबकि हारने वाली टीम को कोई अंक नहीं मिलेगा। इसके साथ ही डिवीजन ‘ए’ के नॉकआउट मैचों में मुकाबला बराबरी पर रहने की स्थिति में अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) के नियमों के तहत शूट-आउट के जरिए फैसला किया जाएगा।
