प्रदेश में योग आयोग का 41 सदस्यीय मार्गदर्शक मंडल गठित

छत्तीसगढ़ योग आयोग ने योग को जन आंदोलन बनाने के लिए 41 सदस्यीय मार्गदर्शक मंडल का गठन किया है, जिसमें राज्यभर से विशेषज्ञों और समाजसेवियों को शामिल किया गया है।

प्रदेश में योग आयोग का 41 सदस्यीय मार्गदर्शक मंडल गठित

छत्तीसगढ़ में योग को जन-जन तक पहुंचाने व्यापक पहल: योग आयोग का मार्गदर्शक मंडल गठित  रायपुर, 24 मई 2025 छत्तीसगढ़ योग आयोग ने राज्य में योग को जन आंदोलन का स्वरूप देने के लिए 41 सदस्यीय मार्गदर्शक मंडल (योग प्रचार समिति) का गठन किया है। आयोग अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा के नेतृत्व में यह पहल योग को जनजागरण अभियान के रूप में आगे बढ़ाने की दिशा में की गई है।

मार्गदर्शक मंडल की पहली बैठक राजधानी रायपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित हुई, जिसमें पूर्व राज्यपाल रमेश बैस मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा, योग भारतीय संस्कृति की आत्मा है। यह वह अद्भुत चिकित्सा प्रणाली है जो व्यक्ति स्वयं के लिए करता है। योग आयोग अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा ने कहा, योग को दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाना हमारा ध्येय है। मार्गदर्शक मंडल में विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी और समर्पित व्यक्तित्वों की सहभागिता से यह अभियान राज्य के जन-जन तक पहुंचेगा। करो योग, रहो निरोग की अवधारणा को धरातल पर साकार करने हेतु यह समिति प्रतिबद्धता से कार्य करेगी। 

बैठक में प्रदेशभर के सांसद, विधायक, समाजसेवी, शिक्षाविद, संत, सेवानिवृत्त अधिकारी और पत्रकार शामिल हुए। जामगांव आर, पाटन, रिसाली, दुर्ग, भिलाई, रायपुर, कवर्धा, अंतागढ़, चिरमिरी, धमतरी, कोरबा, चांपा, बस्तर, जगदलपुर सहित 20 से अधिक क्षेत्रों से आए प्रतिभाशाली व्यक्तियों को मार्गदर्शक मंडल में नामांकित किया गया।