प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-अजय) के तहत बाराबंकी जिले की 46 ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है। इनमें बंकी, दरियाबाद, देवा, निन्दूरा, हरख, सिद्धौर, पूरे डलई, सूरतगंज, रामनगर और फतेहपुर विकास खण्ड की ग्राम पंचायतें शामिल हैं।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि इन पंचायतों को प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत चयनित किया गया है। उन्होंने कहा कि पीएम-अजय योजना का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति बहुल ग्राम पंचायतों का समग्र और संतुलित विकास सुनिश्चित करना है।
इस योजना के तहत गांवों में आधारभूत ढांचे का विकास, सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण तथा ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और आजीविका से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध, पारदर्शी और निर्धारित मानकों के अनुसार हो सके। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचे।
