झारखंड में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूल अंडर-17 हॉकी चैंपियनशिप के लीग मैचों के तीसरे दिन कल जबरदस्त और प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबले देखने को मिले। देशभर से आई टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट का रोमांच और बढ़ा दिया। यह प्रतियोगिता स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत झारखंड एजुकेशन प्रोजेक्ट काउंसिल द्वारा आयोजित की जा रही है और 27 से 31 जनवरी तक चलेगी। टूर्नामेंट में कुल 63 बालक और बालिका टीमें हिस्सा ले रही हैं।
मेजबान झारखंड ने अपने विजयी अभियान को जारी रखते हुए बालक वर्ग में राजस्थान को 6-0 से और बालिका वर्ग में केवीएस को 8-0 से करारी शिकस्त दी। इन जीतों के साथ ही झारखंड की दोनों टीमें प्री-क्वार्टरफाइनल में पहुंच गई हैं।
बालक वर्ग में उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, चंडीगढ़, दिल्ली, आंध्र प्रदेश, केरल, ओडिशा, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पुडुचेरी, मणिपुर, विद्या भारती और गुजरात ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर की ओर मजबूत कदम बढ़ाए।
वहीं बालिका वर्ग में आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, केरल, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, विद्या भारती, मणिपुर, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, तमिलनाडु, मिजोरम, दादरा एवं नगर हवेली और बिहार ने शानदार जीत दर्ज की। टूर्नामेंट के आगामी मुकाबलों में रोमांच और बढ़ने की उम्मीद है।
