आईसीसी द्वारा जारी ताजा मेंस टी20 रैंकिंग में भारतीय क्रिकेट टीम ने दुनिया की नंबर-1 टीम के रूप में अपना स्थान सुरक्षित रखा है, जो वैश्विक क्रिकेट में भारत के बढ़ते प्रभुत्व को दर्शाता है। मार्च में लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप जीतकर इतिहास रचने वाली और रिकॉर्ड तीसरी बार खिताब अपने नाम करने वाली भारतीय टीम 275 रेटिंग अंकों के साथ शीर्ष पर काबिज है। इस सूची में इंग्लैंड 262 अंकों के साथ दूसरे और ऑस्ट्रेलिया 258 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर बना हुआ है। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के अनुसार, इन ताजा रैंकिंग का निर्धारण मई 2025 से खेले गए मैचों के पूर्ण मूल्य और पिछले दो वर्षों के मैचों के 50 प्रतिशत वेटेज के आधार पर किया गया है, जिसमें टीम इंडिया ने अपनी बादशाहत को मजबूती से कायम रखा है।
