अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा हॉर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षा के लिए शुरू किए गए सैन्य अभियान ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ को अस्थायी रूप से रोकने की घोषणा के बाद आज वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतों में कमी देखी गई है। इस घोषणा का असर बाजार पर तुरंत पड़ा और ब्रेंट क्रूड 1.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 108.54 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है, वहीं अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) फ्यूचर्स भी 1.76 प्रतिशत गिरकर 100.5 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है। कीमतों में आई इस हालिया गिरावट के बावजूद तेल बाजार में आपूर्ति का संकट अब भी बना हुआ है क्योंकि फरवरी के अंत में शुरू हुए संघर्ष के बाद से ब्रेंट की कीमतों में लगभग 50 प्रतिशत का उछाल आया है। यह तेजी वैश्विक बाजारों से फारस की खाड़ी की आपूर्ति में करोड़ों बैरल तेल की कमी होने के कारण देखी गई थी, जिससे बाजार में अब भी तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
