भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने आज लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए असम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। गुवाहाटी के खानापारा स्थित वेटरनरी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित एक भव्य समारोह में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने डॉ. सरमा को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
डॉ. सरमा के साथ चार अन्य विधायकों ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। इनमें भाजपा से रामेश्वर तेली और अजंता नेओग, असम गण परिषद (AGP) से अतुल बोरा और बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट (BPF) से चरण बोरो शामिल हैं। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और एनडीए शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री शामिल हुए।
इसके साथ ही डॉ. सरमा असम के पहले ऐसे गैर-कांग्रेसी नेता बन गए हैं जिन्होंने लगातार दो बार मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला है। 126 सदस्यीय असम विधानसभा में एनडीए ने 102 सीटें जीतकर लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की है, जिसमें भाजपा ने 82 और उसके सहयोगियों (AGP और BPF) ने 10-10 सीटें हासिल की हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नए मंत्रियों को बधाई देते हुए कहा कि यह भारी जनादेश विकास की राजनीति में जनता के विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में असम पूर्वोत्तर के ‘ग्रोथ इंजन’ के रूप में उभरेगा।
