वैश्विक बाजारों में जारी अस्थिरता के बीच शुक्रवार को सोना और चांदी की कीमतों में हल्की गिरावट दर्ज की गई। शुरुआती कारोबार में दोनों कीमती धातुएं सीमित दायरे में कारोबार करती नजर आईं। निवेशकों की नजरें अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और पश्चिम एशिया के तनाव पर बनी हुई हैं, जिसका असर सर्राफा बाजार पर भी दिखाई दे रहा है।
Multi Commodity Exchange of India यानी एमसीएक्स पर सोने का 5 जून 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 1,59,606 रुपए के मुकाबले 108 रुपए की मामूली कमजोरी के साथ 1,59,498 रुपए पर खुला। शुरुआती कारोबार में सुबह 9:56 बजे तक सोना 405 रुपए यानी 0.25 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,59,201 रुपए पर कारोबार करता दिखा। कारोबार के दौरान सोने ने 1,58,816 रुपए का निचला स्तर और 1,59,498 रुपए का उच्चतम स्तर छुआ।
चांदी की कीमतों में भी नरमी देखने को मिली। एमसीएक्स पर चांदी का 5 जुलाई 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 2,74,883 रुपए के मुकाबले 1,083 रुपए टूटकर 2,73,800 रुपए पर खुला। खबर लिखे जाने तक चांदी 533 रुपए यानी 0.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,74,350 रुपए पर बनी हुई थी। कारोबार के दौरान चांदी ने 2,73,266 रुपए का न्यूनतम स्तर और 2,75,000 रुपए का उच्चतम स्तर दर्ज किया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है। कॉमेक्स पर सोना 0.37 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 4,527 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 0.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76.88 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
वैश्विक स्तर पर जारी भू-राजनीतिक तनाव के बीच बाजार में सतर्कता बनी हुई है। हालांकि ईरान की ओर से तनाव कम होने के संकेत मिलने से निवेशकों को कुछ राहत मिली है। ईरान की समाचार एजेंसी आईएसएनए के अनुसार तेहरान और वाशिंगटन के बीच मध्यस्थों के जरिए बातचीत जारी है। दोनों पक्ष संघर्ष को समाप्त करने के लिए औपचारिक समझौते की दिशा में संदेशों और मसौदों का आदान-प्रदान कर रहे हैं।
