अफ्रीका के कुछ हिस्सों में तेजी से फैल रहे इबोला वायरस को लेकर दुनिया भर में चिंता बढ़ती जा रही है। इसी बीच अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा ने संयुक्त रूप से सार्वजनिक स्वास्थ्य और यात्रा सुरक्षा को लेकर एक त्रिपक्षीय बयान जारी किया है। इस बयान में अफ्रीकी क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच और यात्रा संबंधी उपाय लागू करने की बात कही गई है। तीनों देशों ने कहा है कि यह समन्वित कदम उनके नागरिकों और फीफा वर्ल्ड कप 2026 के दौरान आने वाले लाखों पर्यटकों, खिलाड़ियों, प्रशंसकों और आगंतुकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया जा रहा है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि सीमा पार व्यापार और यात्रा गतिविधियों को बिना बाधा जारी रखा जाएगा।
इससे पहले अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि ट्रंप प्रशासन इबोला संक्रमण को अमेरिका में प्रवेश करने से रोकने के लिए आक्रामक रणनीति पर काम कर रहा है। व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति Donald Trump की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक के दौरान रुबियो ने कहा कि प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता अमेरिकी नागरिकों को वायरस के संभावित खतरे से सुरक्षित रखना है। उन्होंने कहा कि सरकार सभी अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य एजेंसियों और सीमा सुरक्षा विभागों के साथ लगातार समन्वय बना रही है।
वहीं पूर्वी अफ्रीकी देश युगांडा ने इबोला के प्रसार को रोकने के लिए बड़े सार्वजनिक आयोजनों और भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगा दिया है। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए यह कदम बेहद जरूरी है। इबोला के बढ़ते मामलों ने एक बार फिर वैश्विक स्वास्थ्य व्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय यात्रा सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
