उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और भाजपा सांसद हेमा मालिनी सहित कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की हार्दिक बधाई दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विकास और प्रगति के लिए मुख्यमंत्री योगी द्वारा किए गए कार्य उल्लेखनीय हैं। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने हमेशा प्रदेशवासियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया है। प्रधानमंत्री ने उनके स्वस्थ और लंबे जीवन की कामना भी की।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी मुख्यमंत्री योगी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार सुशासन और जनकल्याण के नए मानक स्थापित कर रही है। उन्होंने ईश्वर से मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना की।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने योगी आदित्यनाथ को प्रदेश का लोकप्रिय और कर्मठ मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने सुशासन, सुरक्षा, विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दृढ़ संकल्प और अथक परिश्रम के कारण राज्य आज तेजी से प्रगति और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है। राजनाथ सिंह ने ईश्वर से प्रार्थना की कि योगी आदित्यनाथ को जनसेवा के लिए निरंतर ऊर्जा, शक्ति और उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करें।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी मुख्यमंत्री योगी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके मंगलमय जीवन, अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना की।
वहीं, भाजपा सांसद और प्रसिद्ध अभिनेत्री हेमा मालिनी ने भी मुख्यमंत्री योगी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मथुरा के सांसद के रूप में अपने संसदीय क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों पर मुख्यमंत्री योगी से चर्चा करना हमेशा सुखद अनुभव रहता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री क्षेत्र की आवश्यकताओं को भली-भांति समझते हैं और मथुरा के विकास को लेकर दोनों की सोच समान है। हेमा मालिनी ने कहा कि योगी आदित्यनाथ हमेशा सहयोग के लिए तत्पर रहते हैं और ईश्वर से प्रार्थना की कि वे उन्हें स्वस्थ, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर शक्ति प्रदान करें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन पर देशभर से राजनीतिक नेताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पर दिनभर बधाई संदेशों का सिलसिला जारी रहा।
