प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेशेल्स के 50वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। इस दौरान भारतीय सेना और नौसेना की टुकड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट कर भारत की सैन्य क्षमता और दोनों देशों की मजबूत मित्रता का प्रदर्शन किया।
राजधानी विक्टोरिया में आयोजित इस भव्य समारोह में भारतीय सेना की असम रेजिमेंट की टुकड़ी ने अपने प्रसिद्ध रेजिमेंटल मार्चिंग सॉन्ग ‘बदलू राम का बदन’ के साथ परेड की, जिसने समारोह में विशेष आकर्षण पैदा किया। यह गीत असम रेजिमेंट के सबसे प्रसिद्ध और जोशीले युद्धघोषों में से एक माना जाता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस समारोह में असम रेजिमेंट और भारतीय नौसेना की टुकड़ियों की भागीदारी भारत-सेशेल्स के गहरे और मजबूत संबंधों का प्रतीक है। उन्होंने समारोह की तस्वीरें साझा करते हुए सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी का आभार भी व्यक्त किया।
स्टैड लिनिटे स्टेडियम में आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर भी मौजूद रहे। भारतीय नौसेना ने भी जानकारी दी कि आईएनएस तरकश और आईएनएस इक्षक की टुकड़ियां इस समारोह में मार्चिंग कंटिंजेंट और नौसेना बैंड के साथ शामिल हुईं।
अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स में विपक्ष के नेता बर्नार्ड जॉर्जेस और मॉरिशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम से अलग-अलग उच्चस्तरीय बैठकें भी कीं। इन बैठकों में क्षेत्रीय सुरक्षा, आर्थिक सहयोग और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
मॉरिशस के प्रधानमंत्री के साथ बातचीत में दोनों नेताओं ने इंफ्रास्ट्रक्चर, क्षमता निर्माण, समुद्री सुरक्षा, ग्रीन एनर्जी और साइबर सिक्योरिटी जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एनहैंस्ड स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ के तहत जारी विकास परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स की नेशनल असेंबली को संबोधित करते हुए भारत और सेशेल्स के बीच दशकों पुराने मजबूत रिश्तों और साझा लोकतांत्रिक मूल्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने सेशेल्स की जनता की गर्मजोशी भरी मेहमाननवाज़ी के लिए आभार जताया।
