अमरीका में 2026 के मध्यवादि (मिडटर्म) चुनावों के बाद वोटों की गिनती जारी है। शुरुआती नतीजों और रुझानों में डेमोक्रेटिक पार्टी ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी पर बढ़त बना ली है। ताजा जानकारी मिलने तक, डेमोक्रैट्स ने सीनेट की 10, हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स (निचले सदन) की 2 और गवर्नर पद की 6 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं रिपब्लिकन पार्टी के खाते में सीनेट की 3 और गवर्नर पद की 1 सीट आई है।
सीनेट की रेस में कहां किसे मिली जीत?
सीनेट चुनावों में डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों ने अपना दबदबा दिखाया है:
- वर्जीनिया: डेमोक्रेटिक सांसद मार्क वार्नर ने रिपब्लिकन बर्ट मिज़ुसावा को हराकर चौथी बार जीत दर्ज की।
- जॉर्जिया: डेमोक्रेट जॉन ओसॉफ ने रिपब्लिकन माइक कोलिन्स को मात देकर अपनी सीट बरकरार रखी।
- डेलावेयर: डेमोक्रेटिक उम्मीदवार क्रिस कून्स ने रिपब्लिकन माइक काट्ज़ को हराकर अपना तीसरा पूर्ण कार्यकाल हासिल किया।
- रोड आइलैंड: डेमोक्रेट जैक रीड ने रिपब्लिकन रेमंड मैक्के को हराकर लगातार छठी बार सीनेट सीट जीती।
- न्यू जर्सी: डेमोक्रेटिक सेनेटर कोरी बुकर ने रिपब्लिकन उम्मीदवार जस्टिन मर्फी को मात दी।
- इलिनॉय: डेमोक्रेटिक उम्मीदवार और लेफ्टिनेंट गवर्नर जूलियाना स्ट्रैटन ने रिपब्लिकन डॉन ट्रेसी को हराकर सीनेट चुनाव जीता।
- न्यू हैम्पशायर: डेमोक्रेट क्रिस पप्पस ने रिपब्लिकन जॉन सुनुनू को हराया।
- नॉर्थ कैरोलिना: डेमोक्रेट रॉय कूपर ने रिपब्लिकन माइकल व्हैटली को मात देकर सीनेट सीट हासिल की।
- कोलोराडो: डेमोक्रेटिक नेता जॉन हिकनलूपर ने रिपब्लिकन मार्क बैस्ली को हराकर दोबारा जीत दर्ज की।
- न्यू मैक्सिको: डेमोक्रेट बेन लुजान ने रिपब्लिकन लैरी ई. मार्कर को हराया।
दूसरी ओर, रिपब्लिकन पार्टी ने सीनेट की तीन सीटों पर सफलता हासिल की:
- फ्लोरिडा: रिपब्लिकन एशले मूडी ने डेमोक्रेट एंजी निक्सन को हराया।
- वेस्ट वर्जीनिया: रिपब्लिकन शेली मूरे कैपिटो ने डेमोक्रेट राचेल फेटी एंडरसन को मात देकर दोबारा जीत दर्ज की।
- वायोमिंग: रिपब्लिकन हैरियट हेगमैन ने डेमोक्रेट जेम्स बर्ड को हराकर सीनेट सीट जीती।
गवर्नर पद के नतीजे
गवर्नर पद की रेस में भी डेमोक्रैट्स का पलड़ा भारी रहा:
- इलिनॉय: डेमोक्रेटिक गवर्नर जेबी प्रित्ज़कर ने रिपब्लिकन डैरेन बेली को हराकर तीसरा कार्यकाल हासिल किया।
- अन्य राज्य: न्यू यॉर्क से कैथी होचुल, कोलोराडो से फिल वीज़र, रोड आइलैंड से हेलेना फॉल्क्स, पेनसिल्वेनिया से जोश शापिरो और मैरीलैंड से वेस मूर ने गवर्नर पद के चुनाव में जीत दर्ज की।
- रिपब्लिकन जीत: वायोमिंग में रिपब्लिकन उम्मीदवार एरिक बार्लो ने डेमोक्रेट केनेथ कैस्नर को हराकर गवर्नर पद पर कब्जा जमाया।
प्रतिनिधि सभा (US House) की स्थिति
निचले सदन की रेस में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार डेबी वासरमैन शुल्त्ज़ (फ्लोरिडा) और जेमी एगर (नॉर्थ कैरोलिना) ने अपने-अपने रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वियों को मात देकर जीत दर्ज की है। मतगणना अभी जारी है और अंतिम नतीजों का इंतजार किया जा रहा है।
