प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित सेवा तीर्थ में विभिन्न मंत्रालयों के सचिवों के साथ बैठक की। इस दौरान चर्चा दो प्रमुख विषयों पर केंद्रित रही। पहला विषय कारोबार करने में सुगमता और जीवन को आसान बनाने के लिए नियमों में सरलता एवं अन्य सुधारों से जुड़ा था, जबकि दूसरा विषय आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा देना था।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने सरकार के सभी विभागों के समन्वित दृष्टिकोण को अपनाने और विभागीय सीमाओं को समाप्त करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर योजना और प्रभावी समन्वय के लिए सभी विभागों के बीच तालमेल बेहद जरूरी है।
प्रधानमंत्री ने पीएम गतिशक्ति मंच के अधिक व्यापक उपयोग पर बल देते हुए इसे विभागों के बीच समन्वय और बेहतर निर्णय लेने का प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने सचिवों से कहा कि योजनाओं का वास्तविक प्रभाव आम लोगों के जीवन में स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए।
बैठक में सचिवों ने दोनों प्रमुख विषयों के अनुरूप अपने-अपने मंत्रालयों और विभागों द्वारा उठाए जा रहे महत्वपूर्ण कदमों की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री के विजन को धरातल पर उतारने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला।
साथ ही विभिन्न क्षेत्रों की चुनौतियों पर चर्चा करते हुए शासन व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा सेवा वितरण में सुधार के लिए भविष्य की रणनीतियों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
