प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान से टेलीफोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं के बीच पश्चिम एशिया के हालिया घटनाक्रम, क्षेत्रीय स्थिति और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
बातचीत के दौरान राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान ने प्रधानमंत्री मोदी को पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों और मौजूदा हालात की जानकारी दी। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय स्थिति को लेकर अपने विचार साझा किए।
प्रधानमंत्री मोदी ने हाल में बनी सहमति का स्वागत करते हुए भारत के स्पष्ट रुख को दोहराया। उन्होंने कहा कि सभी विवादों और मुद्दों का समाधान बातचीत और कूटनीति के माध्यम से ही निकाला जाना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही उन्होंने समुद्री आवाजाही, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों की स्वतंत्रता तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के महत्व को भी रेखांकित किया।
भारत ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि पश्चिम एशिया में शांति, स्थिरता और संवाद को बढ़ावा देना क्षेत्रीय और वैश्विक हित में है।
