35 मिनट में दर्ज की शानदार जीत, भारत की उम्मीदें अब सिंधु पर टिकीं
भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है। सिंधु ने दूसरे दौर के मुकाबले में चीन की विश्व नंबर-5 खिलाड़ी हान यूए को सीधे गेमों में हराकर अपनी श्रेष्ठता साबित की।
सिंधु ने महज 35 मिनट में यह मुकाबला 21-16, 21-14 से अपने नाम किया। इस जीत के साथ उन्होंने हान यूए के खिलाफ अपने आमने-सामने के रिकॉर्ड को 8-1 कर लिया है।
भारत की इकलौती चुनौती बनीं सिंधु
इस जीत के बाद पीवी सिंधु जापान ओपन में भारत की एकमात्र खिलाड़ी बची हैं। मिश्रित युगल स्पर्धा में तनिषा क्रास्टो और ध्रुव कपिला की जोड़ी प्री-क्वार्टरफाइनल में हारकर बाहर हो गई।
भारतीय जोड़ी ने चीन की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग के खिलाफ कड़ा मुकाबला किया, लेकिन 47 मिनट तक चले मैच में उन्हें 20-22, 17-21 से हार का सामना करना पड़ा।
अब भारतीय बैडमिंटन प्रेमियों की निगाहें पीवी सिंधु पर टिकी हैं, जिनसे जापान ओपन में खिताब की उम्मीदें बनी हुई हैं।
