कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत की बिंद्यारानी देवी सोरोखाइबाम ने महिलाओं के 58 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीत लिया। उन्होंने कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर तीसरा स्थान हासिल किया और वेटलिफ्टिंग में भारत के लिए एक और महत्वपूर्ण पदक जोड़ा।
बिंद्यारानी की इस सफलता पर पूरे देश में खुशी की लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनका प्रदर्शन लाखों युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि कठिन मेहनत और मजबूत इरादों के बल पर बिंद्यारानी ने देश का गौरव बढ़ाया है।
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भी खिलाड़ी की सराहना करते हुए कहा कि बिंद्यारानी ने वेटलिफ्टिंग में भारत के लिए एक और पदक जीतकर देशवासियों को गर्व का अवसर दिया है। वहीं मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने इसे राज्य के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए बिंद्यारानी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मीडिया से बातचीत में बिंद्यारानी देवी ने कहा कि 55 किलोग्राम से 58 किलोग्राम भार वर्ग में आने के बाद यह उनका पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय पदक है, इसलिए यह उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा कि इस सफलता से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और अब वह एशियाई खेलों में भी पदक जीतने के लक्ष्य के साथ तैयारी करेंगी।
