ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत की पैरा एथलीट शर्मिला धनखड़ ने महिलाओं की शॉट पुट एफ57 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। 9.81 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो करते हुए उन्होंने न केवल स्वर्ण पदक अपने नाम किया, बल्कि कॉमनवेल्थ गेम्स की पैरा एथलेटिक्स स्पर्धाओं में भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीतने वाली खिलाड़ी भी बन गईं।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि शर्मिला की सफलता देश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि वह भविष्य में भी भारत के लिए नई उपलब्धियां हासिल करेंगी।
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी शर्मिला की उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि उनकी जीत ने देश का गौरव बढ़ाया है और आने वाली पीढ़ियों को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
स्वर्ण पदक जीतने के बाद शर्मिला धनखड़ ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि देश के लिए पदक जीतना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। उन्होंने कहा कि वह आगे भी कड़ी मेहनत जारी रखेंगी और आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी भारत के लिए पदक जीतने का पूरा प्रयास करेंगी।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल सहित कई नेताओं ने भी शर्मिला को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धि को भारत के खेल इतिहास का गौरवपूर्ण क्षण बताया।
