मंगलवार को घरेलू और वैश्विक बाजारों में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर कारोबार की शुरुआत दोनों कीमती धातुओं में कमजोरी के साथ हुई, जहां चांदी में करीब 1.80 प्रतिशत और सोने में लगभग 0.80 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली।
एमसीएक्स पर 5 अगस्त 2026 डिलीवरी वाला सोना अपने पिछले बंद भाव 1,43,063 रुपये प्रति 10 ग्राम के मुकाबले 1,42,353 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। सुबह करीब 10 बजे तक सोना 1,129 रुपये यानी 0.79 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,41,934 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। कारोबार के दौरान इसने 1,41,808 रुपये प्रति 10 ग्राम का निचला स्तर और 1,42,353 रुपये प्रति 10 ग्राम का उच्च स्तर दर्ज किया।
वहीं, 4 सितंबर 2026 डिलीवरी वाली चांदी भी दबाव में रही। इसका भाव पिछले बंद स्तर 2,21,173 रुपये प्रति किलोग्राम से गिरकर 2,20,555 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुला। सुबह के कारोबार में चांदी 3,940 रुपये यानी 1.78 प्रतिशत टूटकर 2,17,233 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। कारोबार के दौरान इसका निचला स्तर 2,16,592 रुपये और उच्च स्तर 2,20,555 रुपये प्रति किलोग्राम रहा।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दोनों कीमती धातुओं पर दबाव बना रहा। कॉमेक्स पर सोना 0.76 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,045 डॉलर प्रति औंस और चांदी 2.06 प्रतिशत टूटकर 57.53 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखाई दी।
विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की दो दिवसीय मौद्रिक नीति बैठक शुरू होने से पहले निवेशकों का रुख सतर्क बना हुआ है। फेड के ब्याज दर संबंधी फैसले की घोषणा बुधवार को की जाएगी। इसके अलावा, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव में कमी आने से सुरक्षित निवेश की मांग घटी है, जिसका असर सोने और चांदी की कीमतों पर पड़ा है।
बाजार विश्लेषकों का मानना है कि अमेरिका के जून माह के महंगाई और रोजगार संबंधी आंकड़ों ने इस संभावना को मजबूत किया है कि फेडरल रिजर्व जुलाई की बैठक में ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं करेगा। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी भविष्य में महंगाई का दबाव बढ़ा सकती है, जिस पर निवेशकों की नजर बनी हुई है।
