ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पदक विजेताओं को बधाई दी है। उन्होंने पैरा एथलीट शर्मिला धनकड़, हाई जंप खिलाड़ी सर्वेश कुशारे और भारोत्तोलक वल्लुरी अजय बाबू की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि इन खिलाड़ियों ने पूरे देश का मान बढ़ाया है।
प्रधानमंत्री ने महिला शॉट पुट एफ57 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली शर्मिला धनकड़ को ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि 9.81 मीटर के सीजन के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ शर्मिला ने कॉमनवेल्थ गेम्स में पैरा एथलेटिक्स में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतकर नया इतिहास रच दिया और 20 वर्षों का इंतजार खत्म किया।
पुरुष हाई जंप स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाले सर्वेश कुशारे की प्रशंसा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका समर्पण, अनुशासन और निरंतर प्रयास देश के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने सर्वेश के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
प्रधानमंत्री ने भारोत्तोलन की पुरुष 79 किलोग्राम स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाले वल्लुरी अजय बाबू को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि अजय बाबू ने स्नैच स्पर्धा में नया कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड बनाकर भारतीय भारोत्तोलन को नई पहचान दिलाई है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन यह दर्शाता है कि देश का खेल जगत निरंतर नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का तिरंगा ऊंचा लहराते रहेंगे।
