नीदरलैंड्स के एम्स्टेलवीन में खेले जा रहे एफआईएच हॉकी विश्व कप में भारतीय पुरुष हॉकी टीम को दूसरे दौर के पूल मुकाबले में अर्जेंटीना के हाथों 3-5 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ भारत सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गया।
अर्जेंटीना के लिए जोआक्विन टोस्कानी ने पहले और 53वें मिनट में गोल कर दो गोल किए, जबकि टॉमस डोमेन ने 33वें और 45वें मिनट में गोल दागे। निकोलस डेला टोरे ने छठे मिनट में अर्जेंटीना के लिए एक और गोल किया।
भारत की ओर से सुखजीत सिंह ने 34वें और 58वें मिनट में फील्ड गोल किए। इसके अलावा मुकाबले के अंतिम चरण में भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे हार्दिक सिंह ने सफलतापूर्वक गोल में बदलकर अर्जेंटीना की बढ़त को कम किया।
हालांकि, भारतीय टीम इसके बाद वापसी नहीं कर सकी और उसे 3-5 से हार झेलनी पड़ी। इस नतीजे के साथ भारत की विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें समाप्त हो गईं।
महिला टीम भी टूर्नामेंट से बाहर
इससे एक दिन पहले भारतीय महिला हॉकी टीम भी विश्व कप से बाहर हो गई थी। एम्स्टेलवीन में दूसरे दौर के अपने अंतिम मुकाबले में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैच गोलरहित ड्रॉ रहा।
