बेल्जियम के वाव्रे स्थित बेल्फीयस हॉकी एरिना में आज शाम पुरुष एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में मौजूदा चैंपियन जर्मनी का सामना स्पेन से होगा। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 8 बजे खेला जाएगा। जर्मनी जहां 2023 में जीते अपने खिताब का बचाव करते हुए चौथी बार ट्रॉफी उठाने के इरादे से मैदान में उतरेगा, वहीं स्पेन की नजरें अपने पहले हॉकी विश्व कप खिताब पर होंगी।
दूसरी ओर, नीदरलैंड्स के एम्स्टेलवीन में खेले गए महिला एफआईएच विश्व कप के फाइनल में अर्जेंटीना ने नीदरलैंड्स को पेनल्टी शूट-आउट में 3-1 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं। इस जीत के साथ अर्जेंटीना ने लगातार चौथे और कुल 10वें विश्व कप खिताब के नीदरलैंड्स के सपने को तोड़ दिया। अर्जेंटीना ने पिछले विश्व कप और टोक्यो ओलंपिक के फाइनल में मिली हार का बदला लेते हुए अपना तीसरा विश्व कप खिताब हासिल किया।
