प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आकाशवाणी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में ‘नशा-मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान की तेज होती गति पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। पीएम ने युवाओं से नशा-मुक्त भारत के लिए प्रभावशाली नारे और गीत तैयार करने का आह्वान किया और कंटेंट क्रिएटर्स से विभिन्न भाषाओं में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का आग्रह किया।
पीएम मोदी ने ‘पीएम स्वनिधि योजना’ के माध्यम से महिला सशक्तिकरण के बढ़ते कदमों की सराहना की। उन्होंने बताया कि इस योजना के लाभार्थियों में लगभग 46% महिलाएं हैं और देश भर में करीब 35 लाख महिलाएं इसके जरिए अपने व्यवसाय का विस्तार कर रही हैं।
कार्यक्रम में पीएम मोदी ने ‘मिशन शक्तिसैट’ (Mission ShaktiSAT) का विशेष उल्लेख किया, जिसके तहत 108 देशों की 12,000 छात्राओं को सैटेलाइट टेक्नोलॉजी सीखने का अवसर मिल रहा है। इसके अलावा, उन्होंने ‘हर घर तिरंगा’ और ‘सूर्यपथ तिरंगा’ अभियान, ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ तथा बंगाल के दिग्गज अभिनेता उत्तम कुमार की आगामी जन्मशताब्दी का भी स्मरण किया। उन्होंने आगामी त्योहारों के सीजन में ‘वोकल फॉर लोकल’ बनने और स्वदेशी उत्पादों पर गर्व करने का आग्रह किया।
