नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने न्यूयॉर्क में वैश्विक कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) के साथ कई दौर की बैठकें कर उन्हें भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था में निवेश के लिए आमंत्रित किया। बैठकों में भारत के डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर, वित्तीय सेवाओं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), जोखिम प्रबंधन और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) सहित कई क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर में निवेश की अपार संभावनाएं
टिलमैन होल्डिंग्स के चेयरमैन एवं सीईओ संजीव आहूजा के साथ बैठक में वित्त मंत्री ने भारत की नीतिगत व्यवस्था और हालिया बजट घोषणाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर में निवेश को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने एआई, क्लाउड कंप्यूटिंग, डिजिटल सेवाओं और एंटरप्राइज टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रही मांग पर भी प्रकाश डाला। इन क्षेत्रों के विस्तार के साथ डेटा सेंटर, हाई-कैपेसिटी नेटवर्क और विश्वसनीय बिजली इन्फ्रास्ट्रक्चर की जरूरत भी बढ़ रही है। वित्त मंत्री ने कहा कि ऐसे में टिलमैन होल्डिंग्स जैसी कंपनियों के लिए भारत के डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर के अगले चरण के विकास में भागीदारी के व्यापक अवसर हैं।
भारत में कारोबार बढ़ाएगी मार्श री
मार्श री के सीईओ डीन क्लिसुरा और रणनीति एवं कॉरपोरेट डेवलपमेंट प्रमुख देवांशु ध्यानी के साथ बैठक में भारत के बड़े घरेलू बाजार, कुशल मानव संसाधन, तेजी से विकसित हो रहे इन्फ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल क्षमताओं पर चर्चा हुई।
वित्त मंत्री ने कहा कि भारत वैश्विक प्रोफेशनल सर्विसेज और जोखिम प्रबंधन कंपनियों के लिए आकर्षक बाजार बन रहा है। उन्होंने देश में कारोबार को आसान बनाने के लिए जारी सुधारों का भी उल्लेख किया।
मार्श री की टीम ने भारत सरकार के सुधार-केंद्रित दृष्टिकोण की सराहना की और देश में अपनी मौजूदगी तथा कारोबार का विस्तार करने की इच्छा जताई। कंपनी ने भारत को समान अवसर वाला बाजार बताते हुए भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण (आईआरडीएआई) के मजबूत नियामकीय ढांचे का भी उल्लेख किया।
कंपनी ने बताया कि उसने गुजरात की गिफ्ट सिटी पर अपना फोकस बढ़ाया है और वहां वित्तीय इकोसिस्टम के साथ विभिन्न उत्पादों और सेवाओं के क्षेत्रों में अपनी भागीदारी बढ़ा रही है।
बीएनवाई मेलन के लिए भारत बना रणनीतिक बाजार
निर्मला सीतारमण ने बीएनवाई मेलन के ग्रुप सीओओ एलेजांद्रो पेरेज के साथ भी बैठक की। इस दौरान भारत की मजबूत आर्थिक विकास यात्रा और वैश्विक वित्तीय संस्थानों के लिए देश में बढ़ती निवेश संभावनाओं पर चर्चा हुई।
पेरेज ने भारत के प्रति बीएनवाई मेलन की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि भारत कंपनी की वैश्विक गतिविधियों और विकास रणनीति में महत्वपूर्ण बाजार बन चुका है। उन्होंने आईआईटी समेत प्रमुख भारतीय संस्थानों के साथ कंपनी की भागीदारी का भी उल्लेख किया।
बीएनवाई मेलन के अनुसार, भारत में कंपनी की भूमिका अब केवल डिलीवरी सेंटर तक सीमित नहीं है। देश तेजी से इनोवेशन, टेक्नोलॉजी और एआई जैसी उन्नत क्षमताओं के लिए एक रणनीतिक वैश्विक हब के रूप में उभर रहा है।
गिफ्ट सिटी-आईएफएससी में निवेश के अवसरों पर जोर
बैठकों के दौरान भारत के मजबूत होते वित्तीय इकोसिस्टम, डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर और गिफ्ट सिटी-आईएफएससी से जुड़े निवेश अवसरों पर भी चर्चा हुई।
वित्त मंत्री ने बीएनवाई मेलन की टीम को गिफ्ट सिटी-आईएफएससी का दौरा करने और वहां उपलब्ध विभिन्न वित्तीय उत्पादों एवं सेवाओं के अवसरों का पता लगाने के लिए आमंत्रित किया।
इन बैठकों के जरिए भारत ने वैश्विक कंपनियों को देश में निवेश, नवाचार और उन्नत तकनीकी क्षमताओं के विस्तार के लिए उपलब्ध अवसरों से अवगत कराया।
