चीन के शेनजेन में खेले जा रहे चाइना मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट में आज भारत की स्टार पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी का मुकाबला किम एस्ट्रुप और एंडर्स स्कारुप रासमुसेन की डेनिश जोड़ी से होगा। सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए खेला जाने वाला यह क्वार्टर फाइनल मैच भारतीय समयानुसार शाम 4:10 बजे शुरू होने की उम्मीद है।
भारतीय जोड़ी ने कल रात खेले गए अपने पिछले मुकाबले में फ्रांस के तोमा जूनियर पोपोव और क्रिस्टो पोपोव को 21-17, 22-24, 21-9 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था।
वहीं, पुरुष एकल वर्ग में भारत के अनुभवी शटलर किदांबी श्रीकांत का सफर समाप्त हो गया। श्रीकांत को क्वार्टर फाइनल में हांगकांग के ली चेउक यू से 16-21, 16-21 से हार का सामना करना पड़ा।
इससे पहले, महिला एकल में भी भारतीय चुनौती समाप्त हो गई थी, जब तन्वी शर्मा को जापान की टोमोका मियाजाकी के हाथों 21-17, 18-21, 21-16 से संघर्षपूर्ण मुकाबले में शिकस्त का सामना करना पड़ा था।
