प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपना एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह दिल्ली मेट्रो से सफर करते और यात्रियों से संवाद करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, “मेट्रो मोमेंट्स… कल शाम एसआरसीसी की यात्रा और वहां से लौटते समय हुई बातचीत की है।”
यह वीडियो शनिवार शाम को दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के शताब्दी समारोह में शामिल होने और वहां से वापस लौटने के दौरान का है।
बच्चों के साथ हंसी-खुशी के पल
सफर के दौरान प्रधानमंत्री ने मेट्रो में मौजूद यात्रियों और विशेष रूप से बच्चों के साथ काफी समय बिताया। उन्होंने बच्चों से हाथ मिलाया, उनके नाम पूछे और पूछा कि वे कहां जा रहे हैं। जब पीएम मोदी ने पूछा कि “जन्माष्टमी मनाई कि नहीं?”, तो बच्चों ने एक सुर में कहा, “हां, हमने मनाई।”
इसी दौरान कुछ बच्चे पीएम मोदी के पास आकर बैठ गए। 5 सितंबर यानी ‘शिक्षक दिवस’ का जिक्र करते हुए एक बच्चे ने कहा, “आज हमारे साथ डॉ. एस. राधाकृष्णन तो नहीं हैं, लेकिन आज हमारे पास आप हैं जो पूरे भारत को प्रेरित करते हैं।” वहीं, एक अन्य बच्चे ने “गुरुर्ब्रह्मा गुरुर्विष्णुः…” श्लोक सुनाकर प्रधानमंत्री का अभिवादन किया।
बातचीत के दौरान जब एक छोटे बच्चे ने कहा कि वह बड़ा होकर उनके जैसा बनना चाहता है, तो प्रधानमंत्री मुस्कुराते हुए बोले, “सचमुच में!”
काशी के विकास पर महिला से चर्चा
मेट्रो में सफर कर रही एक महिला ने जब बताया कि वह चंदौली से है, तो पीएम मोदी ने आत्मीयता से कहा कि वह भी बगल के संसदीय क्षेत्र काशी से हैं। महिला ने जब बताया कि उसका मायका काशी में ही है, तो प्रधानमंत्री ने पूछा, “आपको काशी कैसा लगता है? वहां के लोग खुश हैं? काम अच्छा हो रहा है?” इस पर महिला ने मुस्कुराते हुए कहा कि काशी का विकास बहुत तेज गति से हुआ है और वहां के लोग बेहद खुश हैं।
छात्रों को बायोग्राफी पढ़ने की सलाह
मेट्रो में मौजूद अन्य विद्यार्थियों से बात करते हुए पीएम मोदी ने उनकी पढ़ाई की आदतों के बारे में जाना। जब छात्रों ने बताया कि वे नॉवेल और एकेडमिक किताबें पढ़ते हैं, तो प्रधानमंत्री ने उन्हें सलाह दी कि किताबें पढ़ना अच्छी बात है, लेकिन इसके साथ ही बायोग्राफी (जीवनी) और ऑटोबायोग्राफी (आत्मकथा) भी जरूर पढ़नी चाहिए।
