यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने आज से शुरू होने वाली तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल को स्थगित करने की घोषणा की है। यह फैसला भारतीय बैंक संघ (IBA) के साथ हुई सहमति के बाद लिया गया।
ऑल इंडिया बैंक एम्पलाइज एसोसिएशन (AIBEA) ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि रविवार रात IBA और सात बैंक यूनियनों के शीर्ष निकाय UFBU के बीच बैठक हुई, जिसमें हड़ताल से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के बाद इसे टालने का निर्णय लिया गया।
इससे पहले, UFBU और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों से जुड़ी अन्य यूनियनों ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया था। यह हड़ताल मुख्य रूप से दो मांगों— 5-डे बैंकिंग (सप्ताह में पांच दिन काम) लागू करने और प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन (PLI) योजना को वापस लेने— के समर्थन में बुलाई गई थी।
