कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में सोमवार को भारतीय पुरुष और महिला कबड्डी टीमों ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए नाइजीरिया के खिलाफ एकतरफा जीत दर्ज की। भारतीय पुरुष टीम ने नाइजीरिया को 50-23 से शिकस्त दी, वहीं महिला टीम ने 38-10 से मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। इस जीत के साथ ही दोनों भारतीय टीमों ने प्रतियोगिता में अपनी लगातार चौथी जीत हासिल की है।
भारतीय महिलाओं का दबदबा, अनु सेन चमकीं
महिला वर्ग में मेजबान भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और नाइजीरिया को जल्द ही ऑलआउट कर दिया। भारतीय खिलाड़ियों ने हाफ टाइम तक 24-6 की मजबूत बढ़त बना ली थी। भारत की ओर से अनु सेन ने सर्वाधिक 11 प्वाइंट हासिल किए, जबकि साक्षी ने 5 और प्रिया ने 3 प्वाइंट का योगदान दिया। नाइजीरिया की तरफ से रॉबर्ट मोसेस ही कुछ संघर्ष कर सकीं और उन्होंने 6 प्वाइंट बनाए। आखिरकार भारत ने 38-10 से मुकाबला अपने नाम कर सेमीफाइनल का टिकट कटाया।
केन्या ने रचा इतिहास, इंग्लैंड को 82-6 से रौंदा
दिन के एक अन्य मुकाबले में केन्या की महिला टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 82-6 से जीत दर्ज की। यह इस टूर्नामेंट का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। केन्याई टीम ने मैच में इंग्लैंड को आठ बार ऑलआउट करके एक नया रिकॉर्ड भी स्थापित किया।
केन्या की जीत में जॉय ओन्यांगो ने अकेले 27 प्वाइंट हासिल किए। वहीं इंग्लैंड की ओर से अनीसा खान ने 4 प्वाइंट बनाए। इस धमाकेदार जीत के साथ केन्या ने टॉप-4 में जगह बना ली है और वह श्रीलंका के बाद ग्रुप बी से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई है।
पुरुष वर्ग: सचिन तंवर और आदित्य शिंदे का तूफान
पुरुष वर्ग के मुकाबले में सुरजीत सिंह की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने नाइजीरिया को 50-23 के अंतर से हराया। स्टार रेडर सचिन तंवर ने मैच की शुरुआत में ही 5-प्वाइंट की सुपर रेड डालकर नाइजीरिया को बैकफुट पर धकेल दिया। पहले हाफ में नाइजीरिया का डिफेंस भारतीय रेडरों के आगे पूरी तरह बेबस नजर आया, जिससे भारत ने हाफ टाइम तक 25-7 की बढ़त हासिल कर ली।
भारत के लिए सचिन तंवर ने 12 और आदित्य शिंदे ने 11 प्वाइंट हासिल किए। नाइजीरिया के लिए इटा एडेम ने 8 प्वाइंट बनाए। 27 प्वाइंट के विशाल अंतर से मिली इस जीत के साथ भारतीय पुरुष टीम ग्रुप ए की प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर बरकरार है। भारतीय पुरुष टीम का अगला मुकाबला मंगलवार, 27 अक्टूबर को तंजानिया से होगा।
