प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज छत्तीसगढ़ के बस्तर में देश के वीर सुरक्षा जवानों के साथ दिवाली मनाई। इस अवसर पर सुरक्षा कर्मियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष की दिवाली बेहद खास है, क्योंकि देश ने नक्सलवाद और माओवादी आतंक के खिलाफ दशकों से जारी लड़ाई में बड़ी सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि पहली बार देश का हर जिला नक्सलवाद से मुक्त हुआ है और करोड़ों नागरिक अब वामपंथी उग्रवाद के भय से बाहर आ चुके हैं। प्रधानमंत्री ने इसे असाधारण उपलब्धि बताते हुए लाखों बहादुर सुरक्षा कर्मियों के योगदान की सराहना की।
नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में मिली ऐतिहासिक सफलता
प्रधानमंत्री मोदी ने नक्सलवाद के पुराने हालात को याद करते हुए कहा कि एक समय देश के करीब 20 राज्यों के 230 से अधिक जिले नक्सलवाद से प्रभावित थे। बिहार, महाराष्ट्र, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ सहित देश के बड़े हिस्से में नक्सली हिंसा का प्रभाव था।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2004 से 2013 के बीच हर साल नक्सलियों की तुलना में अधिक संख्या में सुरक्षा जवान शहीद होते थे। उस समय की सरकारों ने नक्सलवाद को ऐसी बीमारी मान लिया था, जिसका इलाज संभव नहीं है। लेकिन वर्तमान सरकार ने सही नीतियों और दृढ़ संकल्प के साथ इस चुनौती का सामना किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले एक वर्ष में पहली बार 47 वर्षों में ऐसा हुआ है कि ड्यूटी के दौरान सीआरपीएफ का एक भी जवान शहीद नहीं हुआ। यह देश की सही नीतियों और मजबूत इच्छाशक्ति की जीत है।
सुरक्षा बलों के बलिदान को किया नमन
प्रधानमंत्री मोदी ने देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए सुरक्षा जवानों द्वारा किए गए अनगिनत बलिदानों को याद किया। उन्होंने सीआरपीएफ, कोबरा, बीएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, आईआरबी, राज्य पुलिस बलों, बस्तर फाइटर्स और विशेष बलों के सभी जवानों के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री ने महिला कमांडो के योगदान की भी सराहना की और कहा कि सुरक्षा बलों की सेवा और समर्पण राष्ट्र के लिए अमूल्य है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने सेवा भाव से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के जीवन में बदलाव लाने के लिए व्यापक प्रयास किए हैं। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप नक्सलवाद से पीड़ित लोग भी सरकार और सुरक्षा बलों के समर्थन में आगे आए हैं।
राष्ट्र प्रथम की भावना से सुनिश्चित होती है शांति और विकास
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब देश राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ काम करता है, तब शांति और सुरक्षा सुनिश्चित होती है तथा राष्ट्र विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करता है।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने न केवल नक्सलवाद और अलगाववाद के खिलाफ लड़ाई में सफलता हासिल की है, बल्कि गरीबी उन्मूलन के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण प्रगति की है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक ओर देश में 50 करोड़ लोगों को अत्यधिक गरीबी से बाहर निकाला गया है, वहीं दूसरी ओर नक्सली हिंसा का अंत हुआ है। यह भारत के विकास और सुरक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि है।
बस्तर के करनपुर स्थित सीआरपीएफ कैंप पहुंचे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बस्तर के करनपुर स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के सुरक्षा कैंप का दौरा किया। यहां उन्होंने जवानों से मुलाकात कर उनके साथ दिवाली का उत्सव मनाया।
प्रधानमंत्री का यह दौरा नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में सुरक्षा बलों के योगदान को सम्मान देने और देश के जवानों के मनोबल को बढ़ाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
