रसायन और उर्वरक मंत्रालय के फार्मास्यूटिकल्स विभाग के तहत आने वाले राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) ने 137 कैंसर-रोधी दवाओं के अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) पर ट्रेड मार्जिन की सीमा तय कर दी है। यह कदम स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (DGHS) द्वारा गठित विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के आधार पर उठाया गया है। दवाओं की ये संशोधित दरें 9 नवंबर, 2026 से लागू हो गई हैं।
प्राधिकरण के अनुसार, 85 फार्मास्युटिकल कंपनियों ने 121 दवाओं से जुड़े 1,364 एंटी-कैंसर फॉर्मूलेशन की संशोधित एमआरपी की जानकारी दी है। इनमें से 679 ब्रांडों ने कीमतों में 50 प्रतिशत से अधिक की कटौती की है, जबकि अधिकतम कटौती 96.45 प्रतिशत तक दर्ज की गई है। कीमतों में इस भारी कमी से उपभोक्ताओं को सालाना लगभग 3,540.38 करोड़ रुपये की बचत होगी।
उपभोक्ता दवा के पैक पर छपी नई एमआरपी देख सकते हैं और ‘फार्मा सही दाम’ मोबाइल ऐप या एनपीपीए की वेबसाइट (nppa.gov.in) के जरिए कीमतों की पुष्टि कर सकते हैं। कोई भी केमिस्ट या अस्पताल फार्मेसी तय एमआरपी से अधिक वसूल नहीं कर सकती। अधिक कीमत वसूले जाने पर उपभोक्ता ‘फार्मा जन समाधान’ पोर्टल या एनपीपीए के हेल्पलाइन नंबर 1800-111-255 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
Source PIB
