मध्य प्रदेश के इंटरनेशनल मास्टर अनुज श्रीवात्रि ने फिलीपींस में आयोजित 7वीं आसियान प्लस इंडिविजुअल ओपन चेस चैंपियनशिप जीतकर इतिहास रच दिया है। इस जीत के साथ ही अनुज भारत के 100वें ग्रैंडमास्टर (GM) बन गए हैं। वे यह प्रतिष्ठित खिताब हासिल करने वाले मध्य प्रदेश के पहले शतरंज खिलाड़ी भी बन गए हैं।
पहले दौर में हार झेलने के बाद अनुज ने शानदार वापसी की और अंतिम आठ मैचों में से सात अंक हासिल कर ग्रैंडमास्टर का खिताब अपने नाम किया। यह उपलब्धि भारतीय खेल जगत के लिए बेहद खास है, क्योंकि देश के शतरंज प्रेमी लंबे समय से भारत के 100वें ग्रैंडमास्टर का इंतजार कर रहे थे। वहीं, मध्य प्रदेश को भी अपने पहले ग्रैंडमास्टर की तलाश थी, जिसे अनुज ने पूरा कर दिया।
अखिल भारतीय शतरंज महासंघ (AICF) के अध्यक्ष नितिन नारंग ने अनुज श्रीवात्रि को भारत का 100वां ग्रैंडमास्टर बनने पर बधाई दी। उन्होंने इस उपलब्धि को भारतीय शतरंज के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर और गर्व का क्षण बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत जल्द ही 200 ग्रैंडमास्टर का आंकड़ा भी पार करेगा।
