प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अनुज श्रीवात्री को भारत का 100वां शतरंज ग्रैंडमास्टर बनने पर ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने इस मुकाम को भारतीय शतरंज के लिए एक ऐतिहासिक पड़ाव बताया है।
देश का 100वां ग्रैंडमास्टर बना मध्य प्रदेश का खिलाड़ी
एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट साझा करते हुए पीएम मोदी ने लिखा, “भारत ने शतरंज में शतक लगा दिया है! असाधारण, है ना? अब भारत में 100 शतरंज ग्रैंडमास्टर हैं! भारत का 100वां शतरंज ग्रैंडमास्टर बनने पर अनुज श्रीवात्री को बधाई! यह कितनी शानदार उपलब्धि है।”
युवाओं में बढ़ती लोकप्रियता का प्रतीक
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत का 100 ग्रैंडमास्टर्स के आंकड़े तक पहु पहुंचना खिलाड़ियों की अपार प्रतिभा, समर्पण और कड़ी मेहनत को दर्शाता है। इसके साथ ही यह देश के युवाओं के बीच शतरंज की बढ़ती लोकप्रियता का भी प्रमाण है। उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि देश के अलग-अलग कोनों से युवा प्रतिभाएं वैश्विक मंच पर अपनी गहरी छाप छोड़ रही हैं। पीएम ने उम्मीद जताई कि यह सफलता और अधिक युवाओं को इस खेल से जुड़ने और इसमें उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।
कैसे तय हुआ इस ऐतिहासिक सफर का रास्ता?
मध्य प्रदेश के युवा खिलाड़ी अनुज श्रीवात्री ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7वीं आसियान प्लस इंडिविजुअल ओपन शतरंज चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया और यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। वे अपने गृह राज्य मध्य प्रदेश से ग्रैंडमास्टर बनने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए हैं। टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में हार मिलने के बावजूद उन्होंने जबरदस्त वापसी की और बाकी के आठ मैचों में सात अंक हासिल कर खिताब पर कब्जा जमाया।
यह सफलता भारतीय शतरंज और मध्य प्रदेश दोनों के लिए बेहद खास है, क्योंकि लंबे समय से देश 100वें ग्रैंडमास्टर का इंतजार कर रहा था, जबकि मध्य प्रदेश भी अपने पहले ग्रैंडमास्टर की प्रतीक्षा में था।
