आज विश्व टीकाकरण दिवस के अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने समय पर और संपूर्ण टीकाकरण के माध्यम से देश के हर बच्चे और गर्भवती महिला की सुरक्षा के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया। सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक संदेश में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पोलियो और मातृ एवं नवजात टेटनस के उन्मूलन में भारत की सफलताएं लगातार जारी टीकाकरण प्रयासों के सकारात्मक प्रभाव को दर्शाती हैं।
श्री नड्डा ने सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम (Universal Immunization Programme), यू-विन (U-WIN) डिजिटल प्लेटफॉर्म और मिशन इंद्रधनुष जैसे अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि ये पहल जीवनरक्षक टीकों तक सभी की पहुँच को आसान बना रही हैं। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि टीके की हर एक खुराक महत्वपूर्ण है और कोई भी बच्चा या गर्भवती महिला सुरक्षा चक्र से छूटनी नहीं चाहिए।
