बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान अपने एक शाही पेंडेंट (लॉकेट) को लेकर बड़े विवाद में घिर गई हैं। दिवाली के मौके पर पहने गए इस ऐतिहासिक पेंडेंट पर पवित्र कुरान की आयत ‘आयत-अल-कुर्सी’ अंकित होने के कारण भोपाल के कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने करीना कपूर और उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर को कानूनी नोटिस भेजा है।
क्या है पूरा मामला और क्यों मचा बवाल?
हाल ही में दिवाली के अवसर पर करीना कपूर खान ने एक खास शाही लुक अपनाया था, जिसकी तस्वीरें उनकी बहन और स्टाइलिस्ट रिया कपूर ने सोशल मीडिया पर साझा की थीं। इन तस्वीरों में करीना 30 कैरेट के एक पन्ने (Emerald) जड़ित पेंडेंट को पहने नजर आ रही हैं। रिया कपूर ने अपनी पोस्ट में बताया था कि यह आभूषण भोपाल के शाही परिवार की विरासत है, जो करीब 200 साल पुराना है और सैफ अली खान की दादी साजिदा सुल्तान (भोपाल के अंतिम नवाब हमीदुल्लाह खान की बेटी) का है।
लीगल नोटिस में क्या मांग की गई है?
इस पेंडेंट पर कुरान की बेहद पवित्र आयत ‘आयत-अल-कुर्सी’ खुदी हुई है। इस पर आपत्ति जताते हुए भोपाल के कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने करीना और रिया कपूर को लीगल नोटिस भेजा है। नोटिस में कहा गया है कि धार्मिक आयत वाले इस पेंडेंट को जिस पहनावे और अंदाज में फैशन एक्सेसरी के तौर पर पेश किया गया, उससे धार्मिक भावनाओं और पवित्रता को ठेस पहुंची है। नोटिस के जरिए सोशल मीडिया से इन तस्वीरों और वीडियो को तुरंत हटाने, सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और भविष्य में धार्मिक प्रतीकों का सम्मान सुनिश्चित करने की मांग की गई है। हालांकि, अब्बास हफीज ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने यह नोटिस किसी राजनीतिक दल की ओर से नहीं, बल्कि मुस्लिम समुदाय से जुड़े होने के नाते व्यक्तिगत तौर पर भेजा है।
हिंदू उत्सव समिति ने किया करीना का समर्थन
एक तरफ जहां इस मामले पर विवाद गरमाया हुआ है, वहीं दूसरी ओर भोपाल की हिंदू उत्सव समिति करीना कपूर के समर्थन में उतर आई है। समिति ने करीना से माफी मांगने की मांग को सिरे से खारिज करते हुए उनका बचाव किया है। फिलहाल इस पूरे विवाद पर करीना कपूर खान या रिया कपूर की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
