गोवा में 20 से 28 नवंबर, 2026 तक आयोजित होने वाले 57वें भारत अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) में इस बार डिजिटल मनोरंजन जगत की चमक खास रहने वाली है। महोत्सव की ओटीटी पुरस्कार श्रेणी के अंतर्गत ‘सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज (ओटीटी) पुरस्कार’ के लिए पांच विशिष्ट वेब सीरीज को नामांकित किया गया है। सामाजिक सरोकारों, लोककथाओं, कॉर्पोरेट इतिहास, राजनीति और मानवीय संवेदनाओं को समेटे ये नामांकन भारतीय ओटीटी इकोसिस्टम की विविधता और रचनात्मक गहराई को दर्शाते हैं।
नामांकित पांच वेब सीरीज पर एक नजर:
- आदर्श बाल विद्यालय: हिमांक गौर द्वारा निर्देशित यह सीरीज दिल्ली के एक सरकारी स्कूल की पृष्ठभूमि के माध्यम से सार्वजनिक शिक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत को व्यंग्य और संवेदनशीलता के साथ दिखाती है। कहानी प्रधानाध्यापक ज्ञानेश्वर त्रिपाठी के कैम्ब्रिज जाने के सपने और छात्रों के खराब प्रदर्शन से उपजी चुनौतियों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे एक आदर्शवादी शिक्षक के आने से नई दिशा मिलती है।
- देवखेल: चंद्रकांत लता गायकवाड़ के निर्देशन में बनी यह रहस्य-रोमांच से भरपूर सीरीज देवताली गांव की लोककथाओं पर आधारित है। यहां हर साल होली की रात एक मौत होती है, जिसे ग्रामीण पौराणिक राक्षस ‘शंकासुर’ का प्रकोप मानते हैं। इंस्पेक्टर विश्वास की जांच के साथ ही आस्था, अंधविश्वास और अपराध के बीच के गहरे राज परत-दर-परत खुलते हैं।
- मेड इन इंडिया : ए टाइटन स्टोरी: रॉबी ग्रेवाल द्वारा निर्देशित यह सीरीज उदारीकरण से पहले के दौर में एक विश्वस्तरीय स्वदेशी घड़ी ब्रांड खड़ा करने के जज्बे को सलाम करती है। जे.आर.डी. टाटा के मार्गदर्शन में जेरक्सिस देसाई और उनकी टीम द्वारा नौकरशाही, वित्तीय संकट और विदेशी उत्पादों के दबदबे को मात देकर भारत के कॉर्पोरेट इतिहास में नया अध्याय लिखने की यह प्रेरक गाथा है।
- मायासभा : द राइज ऑफ द टाइटन्स: देवा कट्टा के निर्देशन में बनी यह सीरीज 1970 के दशक के आंध्र प्रदेश की उथल-पुथल भरी राजनीति को दर्शाती है। यह आदर्शवादी छात्र नेता काकरला कृष्णमा नायडू (केकेएन) और प्रभावशाली परिवार के एम.एस. रामी रेड्डी की गहरी दोस्ती के सत्ता संघर्ष, जातिगत समीकरणों और भ्रष्टाचार के चलते कट्टर राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता में बदलने की कहानी है।
- मुसाफिर कैफे: रुचिर अरुण द्वारा निर्देशित यह सीरीज प्रेम, अधूरे अवसरों और आत्म-खोज की एक आत्मीय यात्रा है। भोपाल और मसूरी की खूबसूरत वादियों में रची गई यह कहानी चंदर मोहन शर्मा और सुधा तथा प्रीति के साथ उनके रिश्तों की भावनात्मक जटिलताओं और जीवन के अप्रत्याशित मोड़ों को बेहद खूबसूरती से उकेरती है।
आईएफएफआई का यह प्रतिष्ठित सम्मान भारत के डिजिटल कंटेंट को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाले लेखकों, निर्देशकों, कलाकारों और निर्माताओं के योगदान को सराहने का एक सशक्त मंच है।
