असम में काजीरंगा के पास रंगाजन इलाके में आज एक भीषण सड़क हादसे में 23 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह दुर्घटना एक यात्री ट्रैवलर और सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर के बीच जबरदस्त भिड़ंत के कारण हुई। नगांव की ओर जा रहे इस यात्री वाहन में 35 से अधिक लोग सवार थे।
हादसे में कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, बोकाखात और गोलाघाट के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राज्य के कैबिनेट मंत्री अतुल बोरा बचाव और राहत कार्यों का व्यक्तिगत रूप से जायजा लेने के लिए घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से उन्होंने दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा भी की है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस दुखद दुर्घटना पर शोक जताया है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि उनकी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, साथ ही उन्होंने घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की।
वहीं, असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया के जरिए हादसे पर गहरा दुख और पीड़ा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस बड़ी क्षति ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है।
